जगतपुर (रायबरेली)। थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर सोमवार रात चोरों ने बंद मकान में घुसकर नकदी, जेवरात समेत ढाई लाख का माल पार कर दिया। चोर आराम से घटना को अंजाम देकर चलते बने, लेकिन पुलिस को इसकी भनक नहीं लग सकी। मंगलवार की सुबह चोरी की घटना की जानकारी से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
जगतपुर कस्बे में डलमऊ रोड पर जानकी देवी का घर है। वह अपने बच्चों के साथ मुंबई में रह रही हैं। एक महीने से घर में कोई नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोर ताला काटकर घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में बॉक्स व अलमारी का ताला तोड़कर 50 हजार की नकदी व दो लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।
घटना से पुलिस की रात्रिगश्त की कलई खुल गई। घटना की जानकारी पर जानकी देवी का नाती अजय कुमार मौके पर पहुंचा और बताया कि नानी के घर पर लाखों की चोरी हुई है। घटना की जानकारी नानी को दी है। थाना प्रभारी बबिता पटेल ने बताया कि दो संदिग्ध लोगों को पकड़कर घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है।
रेकी के बाद की वारदात
चोरी की घटना ने स्थानीय पुलिस की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है। कहा जा रहा है कि चोरों ने पहले बंद पड़े मकान की रेकी की और फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। थाने से चंद कदम दूरी पर हुई घटना से जाहिर है कि थाना प्रभारी और उनके मातहत चोरी की घटनाओं को लेकर गंभीर नहीं हैं। दो माह में क्षेत्र में चोरी की 15 से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें से अधिकतर घटनाओं में पुलिस ने केस तक दर्ज नहीं किया है। ऐसे में पुलिस के प्रति लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।