लखनऊ। कृष्णानगर इलाके में एक मकान, एक दुकान और चिनहट व जानकीपुरम में दो बंद मकानों का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवर, नकदी व अन्य सामान चुरा ले गए।
कृष्णानगर की संगम विहार काॅलोनी निवासी रेलवे कर्मचारी शिल्पा 23 दिसंबर की शाम सपरिवार मायके गई थीं। 31 दिसंबर की सुबह जब घर लौटीं तो ताले टूटे मिले। शिल्पा ने करीब 10 लाख के जेवर व 25 हजार रुपये चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, पारा के मुन्नू खेड़ा निवासी बालादत्त की कृष्णानगर के केसरी खेड़ा में इलेक्ट्राॅनिक की दुकान है। मंगलवार रात शटर तोड़ दुकान में घुसे चोर 72,990 रुपये व हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए।
चिनहट की गोविंद विहार कॉलोनी निवासी केके श्रीवास्तव 15 दिसंबर को सपरिवार बंगलूरू गए थे। बुधवार को वह घर लौटे तो ताले टूटे मिले। नकदी व गहनों के साथ ही सीसीटीवी का डीवीआर भी चोर उठा ले गए। वहीं जानकीपुरम सेक्टर एफ स्थित ऋचा श्रीवास्तव के मकान में घुसे चोर नकदी, जेवर व अन्य सामान चुरा ले गए। केयरटेकर ने बुधवार को ऋचा को चोरी की खबर दी तो उन्होंने अपने भाई आलमबाग निवासी अनुराग श्रीवास्तव को वहां भेजा। अनुराग ने जानकीपुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।