रायबरेली/ऊंचाहार। मवेशी से टकराने के बाद एक मालगाड़ी बीच रास्ते में खड़ी हुई तो उसी रूट पर दौड़ने वाली चार ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। इन ट्रेनों को हर स्टेशन पर देर तक रोका जाता रहा। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी काफी बढ़ गई।
ऊंचाहार-फाफामऊ रेल खंड में कुंडा स्टेशन के पास एक मालगाड़ी की चपेट में मवेशी आ गया, जिससे मालगाड़ी रास्ते में खड़ी हो गई। तकनीकी खामी के चलते मालगाड़ी को आगे नहीं बढ़ाया जा सका तो इस रूट की ओर बढ़ रही ट्रेनों को नियंत्रित किया गया। सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस रायबरेली स्टेशन पर 20 मिनट लेट पहुंची, लेकिन अगले स्टेशन दरियापुर में स्टॉपेज न होने के बावजूद आधे घंटे तक रोका गया।
इसके बाद भी रफ्तार धीमी रही, जिससे लक्ष्मणपुर स्टेशन पर सवा घंटे और ऊंचाहार स्टेशन में डेढ़ घंटे लेट हो गई। ऊंचाहार में भी 15 मिनट रोकने से लेटलतीफी बढ़कर पौने दो घंटे हो घई। ट्रेन में सफर कर रहे यात्री परेशान हुए। दरियापुर स्टेशन के प्रभारी शील कुमार ने बताया कि कंट्रोल मैसेज के जरिए नौचंदी को नियंत्रित किया गया। इसीलिए कई जगह रोकी गई।
चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस भी कई जगह देर तक रोकी गई। यह गाड़ी पहले रघुराज सिंह स्टेशन, फिर लालगंज और ऊंचाहार में भी खड़ी रही। जो गाड़ी आधे घंटे लेट चल रही थी, उसकी लेटलतीफी बढ़कर सवा घंटे हो गई। प्रयागराज से कानपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस की रफ्तार भी धीमी रही। गढ़ी मानिकपुर में आधे घंटे, ऊंचाहार में एक घंटे और लालगंज में डेढ़ घंटे विलंब से पहुंची।
यही हाल प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का रहा, जो ऊंचाहार और रायबरेली पौन घंटे देर से आई। लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रायबरेली से ऊंचाहार के बीच धीमी रफ्तार में चलाई गई। ऊंचाहार के स्टेशन अधीक्षक विनोद त्रिपाठी ने बताया कि उनके क्षेत्र में कोई फाल्ट नहीं आई। कंट्रोल मैसेज के जरिए ट्रेनों को धीमी रफ्तार से चलाया गया।
उधर, किसान आंदोलन की वजह से पंजाब मेल व अर्चना एक्सप्रेस प्रभावित रही। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल ढाई घंटे विलंब से आई, जबकि जम्मू तवी से पटना जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस 12 घंटे से ज्यादा विलंब से चल रही है। बताया गया कि अर्चना एक्सप्रेस को लुधियाना के आसपास कई घंटों तक खड़े रहना पड़ा। लखनऊ-प्रयागराज स्पेशल आधे घंटे विलंब से आई। रायबरेली के स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि पंजाब मेल व अर्चना एक्सप्रेस किसान आंदोलन की वजह से प्रभावित हैं। इन्हें मार्ग परिवर्तन के कारण दूसरे रास्तों से चलाया जा रहा है।