बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित परिषदीय विद्यालयों के अध्यापकों का इंतजार खत्म हो गया। अब उन्हें जिले के भीतर ही नियुक्ति मिल सकेगी। शासन की ओर से परिषदीय विद्यालयों के लिए शिक्षकों के स्थानांतरण की नीति जारी होते ही सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने तिथियों की घोषणा कर दी है।
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने जिलों के बेसिक शिक्षाधिकारियों को ट्रांसफर की प्रक्रिया 19 सितंबर तक पूरी करने का निर्देश जारी कर दिया है।
सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता की ओर से 31 अगस्त को बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अध्यापकों के जिले के भीतर स्थानांतरण-समायोजन का आदेश जारी किया गया।
स्थानांतरण का आदेश जारी होते ही सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने जिले के भीतर स्थानांतरण की तिथियों की घोषणा करते हुए इसके लिए जिम्मेदारी तय कर दी है।
शासन ने कुछ दिन पहले ही यह घोषणा की थी कि जल्द ही शिक्षकों को उनकी मनचाही जगह पर पोस्टिंग मिलेगी।
ऐसा करने के पीछे मकसद यह था कि सभी शिक्षक अपनी ऊर्जा घर से दूर आने-जाने या बाहर रहने में खर्च न करें। वह अपने घर पर ही रहें और बच्चों को मन लगाकर पढ़ाने के साथ-साथ स्कूल को पूरा समय दें।