खैरा गांव में बुधवार की देर रात चुनावी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने प्रधान पद की प्रत्याशी के देवर की सरिया से पीट-पीटकर हत्या कर दिया। हमले में परिवार की एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक युवक को लखनऊ रेफर कर दिया गया, जबकि महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में कोतवाली नगर में चार लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सीओ सदर ने बताया कि कोतवाली नगर में चार लोगों के खिलाफ मारपीट धमकी की रिपोर्ट दर्ज है। आगे वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के खैरा गांव के रहने वाले कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि उसकी पत्नी उर्मिला यादव पंचायत चुनाव में प्रधान पर की प्रत्याशी है। परिवार के लोग गांव वालों के साथ चुनाव प्रचार में लगे थे। देर रात उसका छोटा भाई अशोक कुमार यादव चुनाव प्रचार से वापस लौट रहा था। वह गांव में पहुंचा था तभी उसके गांव के ही रहने वाले दूसरे पक्ष के भगवान प्रसाद उनके बेटे महेश, सर्वेश व प्रमोद उसके भाई अशोक से अभद्रता करने लगे, जब उसने मना किया तो सभी ने मिलकर लाठी डंडा व सरिया से हमला कर दिया। सभी मिलकर अशोक को पीटने लगे।
कृष्ण कुमार ने बताया कि शोर सुनकर उसका भतीजा पवन कुमार यादव व भाभी रामसुरेमन बचाने दौड़ी तो हमलावरों ने उन्हे भी मारपीट कर घायल कर दिया। तीनो घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से अशोक कुमार व पवन कुमार को नाजुक हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान गुरूवार को अशोक यादव 40 ने दम तोड़ दिया, जबकि पवन कुुमार व रामसरेमन का इलाज चल रहा है। मामले में कृष्ण कुमार ने कोतवाली नगर भगवान प्रसाद व उसके बेटे महेश, सर्वेश व प्रमोद के खिलाफ मारपीट व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सदर लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि कृष्ण कुमार की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला चुनावी रंजिश का नहीं है, आपसी रंजिश में मारपीट हुई है। मामले में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।