गोंडा के विशुनापुर बाजार में लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पीड़ित की पत्नी ने ही अपने दोस्त के साथ मिलकर चोरी की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनापुर बाजार में लाखों रुपये के जेवर और नकदी की चोरी की घटना ने सनसनी फैला दी, हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटों के अंदर इस मामले का पर्दाफाश कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस चोरी के पीछे किसी बाहरी गिरोह का हाथ नहीं, बल्कि पीड़ित की पत्नी और उसके प्रेमी का हाथ निकला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
विज्ञापन
विशुनापुर बाजार निवासी लवकुश कसौधन ने सोमवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि रात के दौरान उनके घर में सेंधमारी हुई। चोरों ने घर के तीन बक्सों के ताले तोड़कर कीमती आभूषण, नकदी और अन्य सामान चुरा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान, पीड़ित की पत्नी पूनम कसौधन की गतिविधियां और बयानों में विरोधाभास पुलिस के लिए संदिग्ध साबित हुआ। जब पुलिस ने पूनम से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
विज्ञापन
प्रेम संबंध और साजिश का खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पूनम का अपने ही रिश्तेदार विकास कसौधन के साथ प्रेम संबंध था। विकास अक्सर उनके घर आता-जाता रहता था। इसी प्रेम संबंध के चलते दोनों ने मिलकर लाखों की चोरी की साजिश रची। योजना के अनुसार, रविवार की देर रात पूनम ने विकास को घर बुलाया।
दोनों ने मिलकर कमरे का सामान बिखेर दिया ताकि यह लगे कि चोरी हुई है। इसके बाद, पूनम ने बेहोश होने का नाटक किया और सुबह परिजनों को बताया कि रात में करीब नौ-दस बदमाश घर में घुसे थे, जिन्होंने मारपीट कर गहने और नकदी लूट ली।
बरामदगी और गिरफ्तारी
पुलिस ने विकास कसौधन की निशानदेही पर उसके घर से भारी मात्रा में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी योगेश्वर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों, पूनम कसौधन और विकास कसौधन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर रही है।
इस घटना ने जहां एक ओर पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाया है, वहीं दूसरी ओर रिश्तों की मर्यादा और विश्वास को तार-तार करने वाली इस वारदात ने समाज को झकझोर दिया है।