परिवार के साथ शुक्रवार को नेपाल घूमने गया समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मसूद आलम खां का भतीजा मोहम्मद काब खां (12) नेपाली झील में बह गया है। नेपाल के बुटवल पालपा झील में बहे बालक की तलाश में नेपाली गोताखोर जुटे हैं। सपा नेता भी घटना की सूचना के बाद नेपाल पहुंच गये हैं। उन्होंने बताया कि तलाश हो रही है, झील के पानी का बहाव काफी तेज होने से अभी भतीजे का पता नहीं चल सका है।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के हलधरमऊ गांव के मोहसिन खां परिवार के साथ शुक्रवार की सुबह घर से निकले थे। वह दोपहर तीन बजे नेपाल पहुंच गये। पहले तय किये बुटवल पालपा झील देखने के लिए रूके। झील में पत्थर के टुकड़े बढ़े- बढ़े पड़े थे, जिनके बीच से होकर झील बह रही थी। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे झील देखने के लिए उनका बेटा मोहम्मद काब खां पत्थरों पर खड़ा होकर झील का नजारा देख रहा था। अचानक उसका पैर फिसला और बह रहे पानी में गिर गया।
मोहसिन बताते हैं कि थोड़ी दूर तक वह बहते हुए दिखा और फिर पहाड़ी के बीच से होकर बह रही झील के आगे बढ़ने के बाद वह नहीं दिखा। इसके बाद सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई। मसूद आलम खां ने बताया कि भतीजे की झील में बहने की खबर पर वह नेपाल पहुंचे। शनिवार को उन्होंने उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। नेपाली पुलिस व सेना के साथ ही अधिकारियों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। नेपाली सेना के साथ ही गाेताखोर बच्चे की तलाश कर रहे हैं।
बताया कि नेपाल के सांसद इश्तियाक राई, पूर्व सांसद व मेयर भैंराव इस्तियाक अहमद, मेयर बुटवल खेलरात पांडेय, विधायक लुबंनी वसीउद्दीन, गृहमंत्री लुंबनी प्रदेश के सलाहकार इरफान खान आदि भी मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश के लिए चल रहे अभियान की जानकारी की। परिजनों को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ढांढ़स बंधाया। फिलहाल नेपाल प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ तलाश में जुटा है। अभी तक बालक मिल नहीं सका है, इससे परिजनों गम में हैं। वहीं उनके हलधरमऊ स्थित घर में कोई नहीं है, सभी लोग नेपाल चले गये हैंं।