मेढ़ई पुरवा वार्ड नंबर 6 में विवाद की सूचना पर होमगार्ड के साथ पहुंचे यूपी 112 की पीआरवी में तैनात आरक्षी मनोज कुमार से लोगों ने मारपीट की। उनकी वर्दी फाड़ दी। आरक्षी ने किसी तरह से मौके से भागकर जान बचाई। हमलावरों ने आरक्षी की सरकारी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। आरक्षी ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
आरक्षी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात विक्रम निवासी मेढ़ई पुरवा ने सूचना दी कि मेरे चाचा रमेश शराब पीकर अभद्रता कर रहे हैं। सूचना पर वह होमगार्ड चालक रामबाबू पांडेय के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग मारपीट कर रहे थे। वह दोनों लोग जब आरोपियों को शांत कराने लगे, तभी रमेश, सीमा, संचित, रंजना और अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया, गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी।
आरोपियों ने उनकी वर्दी फाड़ दी, जिससे उन्हें व होमगार्ड को चोटें आईं। शोर मचाने पर गांव के लोग दौड़े तब जाकर जान बची। इसके बाद किसी तरह से आरक्षी व होमगार्ड भागकर थाने पहुंचे। इंस्पेक्टर विवेक त्रिवेदी ने बताया कि चार लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ हमला व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।