लखनऊ। 100 रुपये दो और सड़क पर दुकान लगा लो...। गोमतीनगर के विराज खंड स्थित तखवा सब्जी मंडी में यह खेल रोजाना होता है। सड़क पर 100-100 रुपये में जगह बेचकर अवैध पटरी दुकानें लगवाई जा रही हैं। इसके बदले किसान कल्याण समिति की रसीद भी दी जाती है। हालांकि, समिति को रुपये वसूलकर दुकानें लगवाने का ठेका किसने दिया? इसका जवाब किसी के पास नहीं है। वहीं, नगर निगम अधिकारी समिति को अवैध बता रहे हैं। वे इन दुकानों को भी अवैध बता रहे हैं, लेकिन कार्रवाई न होने को लेकर जिम्मेदार दूसरे पर टाल रहे हैं। उधर, इन पटरी दुकानों की वजह से एलडीए से लाखों रुपये देकर दुकानें आवंटित कराने वाले परेशान हैं। ग्राहक सड़क से खरीदारी कर लौट जाते हैं और मुख्य बाजार के दुकानदार उनकी राह देखते रह जाते हैं। अवैध दुकानों के चलते मंडी में अराजक तत्वों का भी जमावड़ा रहता है। यहां चोरी व स्नेचिंग की घटनाएं हो चुकी हैं।
इस अतिक्रमण से स्थानीय लोगों के लिए सड़क पर चलना तक दूभर हो गया है। मंडी की गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा भी है। इसे लेकर आज जनता से लेकर दुकानदारों तक ने नगर निगम, पुलिस व सीएम पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन हुआ कुछ नहीं। हैनीमैन किसान मंडी समिति के अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ दुबे ने बताया कि वर्ष 2016 में 32 लाख रुपये देकर मंडी में दुकान आवंटित कराई थी। इसके बाहर सड़क पर पटरी दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे लोग हमारी दुकान तक नहीं पहुंच पाते हैं। कमाई न होने से दुकान की किस्त निकालना तक मुश्किल हो गया है। इसी तरह सैकड़ों वैध दुकानदारों के सामने संकट है।
नगर निगम के नाम पर खुलेआम वसूली
हैनीमैन किसान मंडी समिति के सलाहकार बैजनाथ दुबे ने बताया कि एलडीए ने दुकानों, चबूतरों का आवंटन किया है, लेकिन कुछ लोग 100 रुपये की रसीद काटकर रोज सुबह-शाम सड़क पर अवैध दुकानें लगवाते हैं। ये नगर निगम के अधिकारियों का नाम लेकर धड़ल्ले से समिति के नाम पर रसीद काट रहे हैं। इससे जमा पैसा कहां जा रहा, किसी को नहीं पता।
दुकानों का अतिक्रमण हटवाना थाने की जिम्मेदारी
नगर निगम जोन 4 के अधिकारी सुजीत श्रीवास्तव के अनुसार पिछले महीने अतिक्रमण हटवाने का अभियान चलाया था। एक बार अतिक्रमण हटाने के बाद स्थानीय पुलिस की जिम्मेदारी होती है कि ऐसा दोबारा न हो। उनकी हीलाहवाली से ही अतिक्रमण हो रहा है।
संयुक्त अभियान चलाने की आवश्यकता
विभूतिखंड थाने के उपनिरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया है। हालांकि, संयुक्त अभियान की जरूरत है, जिसके लिए सहायक पुलिस आयुक्त विभूतिखंड को रिपोर्ट भेजी है। इसमें एलडीए, नगर निगम, मंडी समिति व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाने की बात कही है।
सिर्फ सदस्यता शुल्क लेते हैं
रसीद काटने वाले न्यू हैनीमैन किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष जगपाल का कहना है कि हम सिर्फ सदस्यता शुल्क लेते हैं, अवैध वसूली की बात गलत है। इससे मंडी में जागरण, पंद्रह अगस्त या 26 जनवरी पर कार्यक्रम करवाए जाते हैं। हम खुद चाहते हैं कि अतिक्रमण हट जाए। मजबूरी में हमारी समिति के सदस्यों को सड़क पर दुकानें लगानी पड़ती हैं।
आवंटियों की लापरवाही से होता है अतिक्रमण
एलडीए के संयुक्त सचिव डीएम कटियार के मुताबिक आवंटियों की लापरवाही से अतिक्रमण होता है। ये लोग अनाधिकृत रूप से चबूतरा या दुकान बेच देते हैं। अकसर ये चबूतरे खाली रहते हैं और लोग इन पर कब्जा कर लगते हैं। सामने की खाली दुकानों की बात करें तो जल्द नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ये है गोमती नगर की तखवा सब्जी मंडी। यहां पटरी किनारे 100-100 रुपये की वसूली कर लगवाई जाती हैं दुकानें।- फोटो : ??? ?????