गुरु पूर्णिमा पर दीपों से जगमग हुआ गोमती तट
लखनऊ। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर झूलेलाल वाटिका स्थित गोमती तट मंगलवार को सनातन महासभा की ओर से आयोजित 154वीं आदि गंगा मां गोमती महाआरती और सनातन समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। 501 दीपों की रोशनी से गोमती तट जगमगा उठा। स्वामी आनंद नारायण के सान्निध्य में सात मंचों से एक साथ शंखनाद के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सात आचार्यों ने महाआरती संपन्न कराई। इससे पहले गोमती की सफाई, अतिक्रमण हटाने और सीवेज शोधन संयंत्रों को प्रभावी बनाने के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया। कथक कलाकार शुभम ने मनमोहक प्रस्तुति दी। सामाजिक सेवा से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। महासभा के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण, एडवोकेट दीपक सिंह, रवि कचरू, उमेश त्रिपाठी, सुधांशु शुक्ल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।