लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए रोजगार का बेहतरीन अवसर सामने आया है। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड कंपनी में चयन के लिए लविवि के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल ने 17 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।
चयनित विद्यार्थियों को अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की ओर से तीन माह की इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। इस दौरान सीमेंट निर्माण उद्योग से जुड़ा व्यावहारिक एवं औद्योगिक अनुभव प्राप्त करने का मौका दिया जाएगा। इंटर्नशिप अवधि में विद्यार्थियों को 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। कुल 120 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।
इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थी लाइव प्रोजेक्ट्स पर कार्य करेंगे, प्लांट ऑपरेशंस की जानकारी प्राप्त करेंगे, सुरक्षा मानकों का प्रशिक्षण लेंगे तथा आधुनिक विनिर्माण प्रक्रियाओं की गहन समझ विकसित कर सकेंगे।
तीन माह बाद मिलेगा प्री-प्लेसमेंट ऑफर
तीन माह की इंटर्नशिप और अंतिम मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को ट्रेनी पद के लिए प्री-प्लेसमेंट ऑफर दिया जाएगा। ट्रेनी अवधि 12 माह की होगी, जिसमें 5.5 लाख रुपये प्रतिवर्ष (सीटीसी) वेतन मिलेगा। इसके बाद प्रदर्शन के आधार पर पैन इंडिया स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट की विभिन्न निर्माण इकाइयों में नियुक्ति की जाएगी, जहां अंतिम वेतन पैकेज छह लाख रुपये प्रतिवर्ष तक होगा।
योग्यता
आवेदन के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ एमएससी (भूविज्ञान) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक विद्यार्थी नीचे दिए गए लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं—
आवेदन लिंक: https://forms.gle/Jk9LV8asjgbMzZsRA
कोट
विद्यार्थियों को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। यह उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण, कौशल विकास और दीर्घकालिक करियर निर्माण का बेहतरीन मंच है।
— प्रो. अनूप भारतीय, निदेशक, कैंपस प्लेसमेंट सेल, लविवि