आपके बेटे या बेटी की शादी की तारीख पक्की हो चुकी तो सोने के गहने खरीदने में अब देरी न करें। क्योंकि सोने ने ऊंचाई के पायदान पर चढ़ना शुरू कर दिया है। पखवारा भर में सोना 1600 से 1700 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ है। फरवरी अंत तक इसके और महंगा होने की संभावना है। यानी सोना 32 हजारी का रिकार्ड तोड़कर 33 हजारी हो सकता है।
यह मशविरा सराफा मंडी के अनुभवी कारोबारियों का ग्राहकों के लिए है। थोक सराफा मार्केट चौक के कारोबारी आदीश कुमार जैन ने मंगलवार को बताया कि 16 महीने के बाद सोने ने अपनी कीमत बढ़ाने का सिलसिला शुरू किया है। नवंबर 2016 में सोना 32 हजारी होने के बाद पीछे लौटने लगा था।
जो 29 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच चुका था। लेकिन 20 जनवरी से सोने ने पहले 100-200 और अब सीधे 200 से 400 रुपये कीमत बढ़ाना शुरू कर दिया है। सहालग में सोने कीमत बढ़ने के बाद भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। सोने ने तीन दिन में 540 रुपये की बढ़त हासिल करके प्रति 10 ग्राम कीमत दर्ज कराई।
4 फरवरी को सोना 31,250 रुपये, 5 फरवरी को 31,390 एवं 6 फरवरी को 31,790 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ा। महानगर के कारोबारी अजय अग्रवाल ने बताया कि सोना जिस चाल से चल रहा उससे फरवरी तक 33 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम बिक सकता है। दरअसल इंटरनेशनल मार्केट में सोना मजबूत और रुपया कमजोर हो रहा है। जबकि चांदी 40,700 रुपये प्रति किलो पर स्थिर है।