लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के तहत सोमवार को माध्यमिक विद्यालयों में संवाद हुआ। इस दौरान हाईस्कूल और इंटमीडिएट बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को जरूरी सुझाव दिए गए। शिक्षकों व अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले शरीर और दिमाग को आराम जरूर दें।
राजधानी बालिका इंटर कॉलेज जियामऊ में प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं से पूछे सवालों का जवाब पीएम ने दिया। इस संवाद से कॉलेज की छात्राओं को बहुत कुछ सीखने और समझने का मौका मिला। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार राजकीय छोटी जुबिली इंटर कॉलेज में हुए संवाद में शामिल हुए।
राजधानी बालिका इंटर कॉलेज जियामऊ में भौतिक विज्ञान की प्रवक्ता नम्रता अग्रवाल ने बताया कि परीक्षा के दौरान परेशान होने की जरूरत नहीं है। हर दिन की तरह परीक्षा का दिवस भी होता है और उसी ऊर्जा के साथ छात्राएं परीक्षा में शामिल हों। छात्राओं के सवाल पर कहा कि परीक्षा में प्रश्न पत्र मिलने पर शुरुआत 15 मिनट उसे ध्यान से पढ़ें। निर्धारित अंकों के अनुसार ही प्रश्नों को हल करें। समय का विशेष ध्यान रखें। आंकिक प्रश्नों को हल करने के लिए प्रश्न को थोड़ा-थोड़ा पढ़ते जाएं, उसके अनुसार प्रश्न में क्या-क्या दिया है एवं क्या ज्ञात करना है लिख लें। साथ ही चित्र बना लें। वर्षभर जितना पढ़ा है उसका अभ्यास करें।
-
परीक्षा पे चर्चा संवाद में हुए छात्राओं को यह मिले सुझाव
- भौतिक राशियों का आपस में संबंध बताने वाला सूत्र लिखें। अब सूत्र में प्रयुक्त राशियों का मान रखकर स्टेप बाय स्टेप हल करें। उत्तर प्राप्त कर मात्रक सहित लिखें।
- भौतिक विज्ञान के प्रश्न पत्र में वर्णनात्मक, सूत्रों के निगमन संबंधी एवं आंकिक तीनों प्रकार के प्रश्न होते हैं। वर्णनात्मक प्रश्नों में प्रयुक्त होने वाले सिद्धांत, नियम और परिभाषा को अक्षरश: याद करें।
- आवश्यकता अनुसार नामांकित किरण आरेख एवं परिपथ आरेख बनाएं। आंकिक प्रश्नों को आसानी से हल करने के लिए सूत्र एवं मात्रकों का अभ्यास करें। मात्रक देखकर भी अनुमान लगाया जा सकता है कि अमुक मान किस भौतिक राशि का है।
- सूत्रों के सिद्धांत और नियम संबंधी प्रश्नों को तैयार करने के लिए सिद्धांत उत्पत्ति का प्रारंभिक चरण ध्यान रखना होगा। इसलिए पढ़ते समय उसे हाईलाइट कर लें। इसके अतिरिक्त निगमन करते समय प्रयुक्त सभी कॉन्सेप्ट्स एवं सूत्रों को भी हाईलाइट करते जाएं। आवश्यक अनुसार चित्र अवश्य बनाएं।