सरोजनीनगर। बिजनौर में शुक्रवार दोपहर जंगल में प्रेमिका से वीडियो कॉल के दौरान रायसिंह खेड़ा गांव निवासी कार चालक करन यादव (25) ने जहरीला पदार्थ पी लिया। इसके बाद कनपटी पर पिस्तौल सटाकर गोली मार ली। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
इंस्पेक्टर कपिल गौतम ने बताया कि करन पीजीआई स्थित वृंदावन कॉलोनी निवासी युवक की कार चलाते थे। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वह बाइक से ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में करन का शव मिला।
करन के मुंह से झाग निकल रहा था। गोली बाईं कनपटी पर लगी थी। शव के पास पिस्तौल, एक पानी और कोल्ड ड्रिंक की बोतल, जहरीले पदार्थ की दो खाली शीशी और डिस्पोजल ग्लास मिला। करन की बाइक घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर सड़क पर खड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्राम प्रधान के जरिये करन की पहचान कर उनके घरवालों को सूचना दी।
इंस्पेक्टर का कहना कि जांच में पिस्तौल अवैध पाई गई, जिसे कब्जे में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जहरीला पदार्थ खाने से पहले करन प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। करन के दोस्तों से पूछताछ में पता चला कि करन का प्रेमिका से तीन दिन से विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार रात 12 बजे करन ने दोस्तों को काॅल की थी। उन्होंने कहा था कि प्रेमिका ने उनके साथ गलत किया है। आज के बाद उससे कभी बात नहीं होगी।
करन के पास कहां से आई पिस्तौल, होगी जांच
एडीसीपी दक्षिणी आर वसंथ कुमार ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते करन ने खुदकुशी की है। हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। करन के पास अवैध पिस्तौल कहां से आई इसकी भी जांच की जा रही है। घरवालों के तहरीर देने पर जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।