लखनऊ। बिजनौर के घसियारी मोहल्ले की रहने वाली पूजा राजपूत (28) की हत्या उसके प्रेमी मोहनलालगंज के अहमदखेड़ा निवासी सूरज सिंह उर्फ कल्याण सिंह ने की थी। पुलिस ने शनिवार को सर्विलांस की मदद से आरोपी को किसान पथ अंडरपास के निकट से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 15 फरवरी की शाम भी दोनों कमरे में मिलने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पूजा ने शादी करने का दबाव बनाया तो कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर उसने दुपट्टे से गला कसकर पूजा की हत्या कर दी और उसकी स्कूटी लेकर भाग गया था। डीसीपी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी सरेंडर करने की फिराक में था। स्कूटी और घटना में इस्तेमाल दुपट़्टा बरामद किया है।
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि पूजा राजपूत की शादी करीब 8 वर्ष पहले मोहनलालगंज के गनेशखेड़ा निवासी मजदूर दिनेश राजपूत के साथ हुई थी। दोनों की 10 वर्षीय बेटी राखी है। करीब ढाई वर्ष पहले दिनेश ससुराल में किराये का कमरा लेकर पत्नी व बेटी के साथ रहने लगे। पूजा वहां से करीब दो किलोमीटर दूर सीआरपीएफ गेट नंबर -1 के पास सरयू विहार कॉलोनी में घरों में काम करती थीं।
वह 15 फरवरी की सुबह रोज की तरह स्कूटी लेकर काम पर निकलीं, पर घर नहीं लौटीं। देर होने पर परिजनों ने कॉल की, पर फोन नहीं उठा। पूजा को तलाशना शुरू किया, पर कुछ पता नहीं चल सका था। 16 फरवरी की शाम को करीब 5:30 बजे सरयू विहार कॉलोनी निवासी धनंजय पांडेय के मकान में बने कमरे में पूजा का शव पड़ा मिला। पूजा ने घरवालों से छुपकर कमरा किराये पर लिया था। यह बात उसकी बेटी दिव्या ने परिजनों को बताई थी। पूजा के पति दिनेश की तहरीर पर हत्या केस दर्ज किया गया था।
पांच साल पहले मंदिर में हुई थी पहली मुलाकात
पूछताछ में आरोपी सूरज ने बताया कि वह सीमेंट फैक्टरी में काम करता है। करीब पांच साल पहले मोहनलालगंज स्थित मंदिर में पूजा से मुलाकात हुई थी। इसके बाद फोन पर बातचीत होने लगी। दिनेश अक्सर पूजा के साथ मारपीट करता था। इस कारण धीरे-धीरे पूजा और उसके बीच प्रेम- प्रसंग हो गया। पूजा ने किराये का कमरा ले लिया और वहीं मिलने लगे थे।