कानपुर के पनकी में शोहदों से परेशान कक्षा सात की छात्रा जान देने के लिए नहर में कूद गई लेकिन उसे बचा लिया गया। वहां से गुजर रहे राहगीर रिंकू पाल ने अपनी जान पर खेल कर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने छात्रा से पूछताछ के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि छेड़छाड़ नहीं बल्कि छात्रा ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर नहर में छलांग लगाई थी।
रतनपुर कालोनी निवासी प्राइवेट इलेक्ट्रीशियन की 13 वर्षीय बेटी पास के एक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। छात्रा ने बताया कि घर के पास रहने वाले हिमांशु और अभिषेक उसे छेड़ते हैं और स्कूल आते-जाते समय रास्ते में तंग करते हैं। एक बार हाथ भी पकड़ चुके हैं।
उनकी हरकतों से तंग आकर वह पिछले चार दिनों से स्कूल नहीं जा रही है। परिवारीजनों ने भी नहीं पूछा कि आखिर वह स्कूल क्यों नहीं जा रही है। पीड़ित छात्रा ने इसकी शिकायत अपनी बुआ से भी की लेकिन उन्होंने भी अनसुना कर दिया।