कोतवाली नगर के पंतनगर मोहल्ले की रहने वाली एक युवती शोहदे की छेड़छाड़ और उसकी शिकायत करने पर कोई कार्रवाई न होने से परेशान होकर फांसी लगाकर उसने अपनी जान दे दी। पुलिस की अनदेखी की स्थिति यह रही दो माह पहले शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की और दो माह से युवती तनाव में रही और फिर जिंदगी से ऊब गई।
बुधवार को उसका शव उसके कमरे में दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। मृतका के पिता ने पड़ोस के रहने वाले एक युवक पर बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया है। साथ ही लड़की के कुर्ते पर लिखकर भाई को जिम्मेदार ठहराया गया है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि कुर्ते पर लड़की ने खुद कुछ लिखा है या किसी और ने। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के पंतनगर मोहल्ले में तिलकराम सैनी का परिवार रहता है। तिलकराम के मुताबिक बगल के फोरबिसगंज मोहल्ले का रहने वाला एक युवक उसकी बेटी शिवानी (18) को पिछले कुछ महीनों से लगातार परेशान कर रहा था। इस मामले में तिलकराम ने पुलिस से शिकायत भी की थी लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस की शिथिलता से शोहदे का मनोबल बढ़ता गया। बताते हैं कि पुलिस कार्रवाई न होने से बेटी कई दिनों से तनाव में थी, घर के बाहर कदम रखने से पैर कांपते थे। छेड़खानी के डर से परेशान होकर मंगलवार की रात शिवानी ने बड़ा कदम उठाया। अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बुधवार की सुबह जब उसका दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। जब दरवाजा तोड़ा गया तो शिवानी का शव उसके दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। युवती की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।