- दूसरे दिन आरोपी को बुलाकर की धुनाई, मैसेज वायरल
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। हजरतगंज के हलवासिया कॉम्प्लेक्स में बनी लिफ्ट में कोचिंग की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह मामले का मैसेज एक समाज सेविका ने टि्वटर हैंडल पर अपलोड किया। इसके बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
हलवासिया कॉम्प्लेक्स में एक कोचिंग सेंटर है। इसमें पीड़ित छात्रा फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही है। शुक्रवार को उदयगंज का वारिस नाम का युवक कोचिंग पहुंचा। उसने बताया कि गुजरात के एक विश्वविद्यालय की ओर से सर्वे कर रहा है। उसने छात्र-छात्राओं से कुछ फॉर्म भरवाए। जाते समय लिफ्ट में एक छात्रा से छेड़छाड़ की और धमकाते हुए भाग निकला। छात्रा ने मामले की जानकारी कोचिंग संचालक और परिवारीजन को दी।
सोमवार को संचालक ने वारिस को फोन कर बुलाया। छात्रा के परिवारजन भी आ गए। कोचिंग में ही उक्त लोगों ने उसे जमकर पीट दिया। हाालांकि, आरोपी खुद को बचाकर भाग निकला। बुधवार को सोशल मीडिया पर वारदात की जानकारी वायरल हुई। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा के मुताबिक, घटना 24 फरवरी की है। दोनों पक्षों ने कोचिंग में ही समझौता कर लिया था। सूचना पर मामले की जानकारी ली गई थी। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।