मलिहाबाद। मलिहाबाद के बैदानगर गांव में मस्जिद के पास रविवार को तेज रफ्तार डाला ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में मलिहाबाद सालेनगर निवासी नैना (7) की मौत हो गई। मां सरोज कुमारी, दिव्यांग भाई आशु और मामा नंद किशोर को गंभीर चोटें आईं। तीनों ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं।
मलिहाबाद के सालेनगर निवासी किसान पंकज ने बताया कि पत्नी सरोज कुमारी, बेटी नैना, बेटे आशू के साथ काकोरी के हलवापुर मायके में मुंडन समारोह में गई थीं। रविवार दोपहर साला (मामा) नंद किशोर स्कूटी से सरोज कुमारी और दोनों बच्चों को सालेनगर गांव छोड़ने जा रहे थे।
बैदानगर गांव के पास सामने से डाला ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे नैना की मौत हो गई। सरोज कुमारी, आशु व नंद किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को सीएचसी मलिहाबाद में भर्ती कराया। यहां से सभी को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे में स्कूटी के परखचे उड़ गए।
भाग रहे डाला चालक को पुलिस ने पकड़ा
हादसे के बाद डाला चालक, वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस ने कसमंडी के पास चालक को डाला के साथ गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर मलिहाबाद का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बच्ची की मौत की खबर से मचा कोहराम
पिता पंकज को बेटी नैना की मौत की खबर मिली तो घर में कोहराम मच गया। पंकज के बड़े बेटे विवेक (15) की एक साल पहले मौत हो चुकी है। बेटा आशु जन्म से ही दिव्यांग है। छोटी बेटी नैना से परिवार को काफी उम्मीदें थीं।
मां को नहीं दी गई बेटी की मौत की खबर
घायल सरोज कुमारी को परिजनों ने बेटी नैना की मौत की खबर नहीं दी है। सरोज कुमारी ने परिजनों से कई बार बेटी के बारे में सवाल भी किए, पर लोगों ने उन्हें सही जानकारी नहीं दी।