लखनऊ। गुडंबा में कुर्सी रोड स्थित राघवंश अस्पताल में उल्टी-दस्त व बुखार से ग्रस्त बच्ची की इलाज मौत हो गई। पिता ने दवाओं का ओवरडोज देने का आरोप लगाया है और डीएम-सीएमओ से लिखित शिकायत की है, जिसके बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
गुडंबा के मोहम्मदपुर खत्री निवासी कुलदीप यादव ने बेटी कुमुद (5) को बुखार व दस्त की शिकायत पर 18 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया था। उनका आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने गलत दवाएं दीं, जिससे बच्ची की किडनी और लिवर फेल हो गए। 21 अप्रैल को बच्ची को दूसरे निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताते हुए बच्ची को विवेकानंद अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचते ही बच्ची की मौत हो गई।
हालांकि, राघवंश अस्पताल के संचालक डॉ. एके सिंह का कहना है कि तीमारदारों के आरोप बेबुनियाद हैं। दवा की ओवरडोज नहीं दी गई। बच्ची को इलाज के बाद रेफर किया गया था, जहां पर बच्ची की मौत हुई है। वहीं, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। लापरवाही के आरोप सही मिले तो अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की संस्तुति होगी।