अमेठी के एक निजी स्कूल में शनिवार सुबह बाउंड्री वॉल और गेट गिरने से 10 वर्षीय बच्ची की दबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चियां घायल हुई हैं। दोनों का प्राथमिक इलाज कराया गया है। एसडीएम ने इसे विद्यालय प्रशासन की लापरवाही बताते हुए मामले की जांच की बात कही है।
पीपरपुर थाना क्षेत्र इस्माइलपुर गांव स्थित लक्ष्य एकेडमी में शनिवार सुबह बच्चे स्कूल पहुंचे। कुछ बच्चे जब गेट के पास से गुजर रहे थे तभी अचानक बाउंड्री वॉल गेट समेत ढह गई। इसकी चपेट में आकर कक्षा चार की छात्रा मोनिका यदव (10) पुत्री सुरेश यादव निवासी बढ़ई का पुरवा अयोध्या नगर गंभीर रूप से घायल हो गई।
लोग तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, शिफा पुत्री मोहम्मद नईम निवासी बीघापुर और शिवानी पुत्री रामचंद्र गुप्ता निवासी अयोध्या नगर को सीएचसी भादर में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया है।