लखनऊ के बाजारखाला के गुलजारनगर स्थित हैदर कैनाल नाले में बृहस्पतिवार सुबह एक युवती का शव पड़ा मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था और शरीर पर खरोंच-चोट के निशान थे। आशंका है कि हत्या कर उसकी लाश नाले में फेंकी गई है। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इंस्पेक्टर बाजारखाला अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, युवती की पहचान गीता (23) के रूप में हुई है। वह गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास नटों की बस्ती की रहने वाली बताई जा रही है। लगभग महीनेभर पहले घरवालों की डांट से नाराज होकर वह घर से भागकर अकेले ही राजधानी आ गई थी।
यहां चारबाग रेलवे स्टेशन पर अकेले भटक रही थी। इस दौरान उसकी मुलाकात रेवड़ी विक्रेता गुड्डू से हो गई। गुड्डू उसे अपने साथ पहले हरदोई के अतरौली में गांव महीठा ले गया और पांच दिन तक गीता वहीं रही। बाद में परिवारीजनों के विरोध के चलते गुड्डू उसे उसके साथ गुलजारनगर की झोपड़पट्टी में रहने लगा।
गुड्डू ने पुलिस को बताया कि वह सुबह आठ बजे घर से काम पर निकला था। दोपहर करीब 11 बजे मोहल्ले वालों ने बताया कि गीता का शव नाले में पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया है। उसके घरवालों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।