सरोजनीनगर के गौरी बाजार में शुक्रवार को बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी चार साल की मासूम की अदिति की जान ले ली।
परिजनों की चीख सुनकर राहगीरों ने आरोपी ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहा था।
बिजनौर कस्बा निवासी मंगरू पत्नी शर्मिला, बेटी आस्था (7) और चार साल की अदिति राजपूत उर्फ रीना को लेकर शुक्रवार को एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने सरोजनीनगर के दरोगा खेड़ा स्थित रिश्तेदारी जा रहा था।
दोपहर करीब दो बजे गौरी बाजार में सामान खरीदने के बाद दरोगा खेड़ा जाने के लिए परिवार सड़क किनारे खड़े होकर टैंपो का इंतजार कर रहा था। इस बीच कानपुर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अदिति को ठोकर मार दी।
इससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद ट्रक चालक ने उसे रौंदता हुआ भाग निकला। हादसे में अदिति की मौके पर ही मौत हो गई और घटना के बाद चीख पुकार मच गई।
परिजनों की चीख सुनकर राहगीरों ने हादसा कर भाग रहे चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बस का टायर फटा, बाल-बाल बचे यात्री
बहराइच से लखनऊ आ रही रोडवेज बस का टायर शुक्रवार शाम गोमतीनगर स्थित आरबीआई कार्यालय के पास फट गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई। हालांकि, ड्राइवर से सूझबूझ दिखाते हुए बस को किनारे कर दिया, जिससे 15 यात्री बाल-बाल बच गए। इन्हें दूसरी बस से कैसरबाग भेजकर पहली बस को गोमतीनगर वर्कशॉप भेज दिया गया। शाम छह बजे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ऑफिस के पास अचानक बहराइच डिपो की बस (यूपी40टी3909) से आवाज हुई और टायर फटने के साथ ही चादर भी उखड़ गई। इससे अनियंत्रित हुई बस को ड्राइवर ने तुरंत किनारे लगाया।