फ्लैट के नाम पर युवती से ठगी, विरोध पर मारपीट व छेड़छाड़
लखनऊ। वाराणसी की रहने वाली युवती ने प्रॉपर्टी डीलर सन्नी कुमार पर फ्लैट दिलाने का झांसा देकर 48 लाख की ठगी का केस सुशांत गोल्फ सिटी थाने में 12 फरवरी को दर्ज कराया है। आरोपी पर मारपीट व छेड़छाड़ करने का भी आरोप है।
युवती के अनुसार वह विधि की छात्रा है। वर्ष 2022 में वाराणसी कैंट निवासी सन्नी से मुलाकात हुई थी। उसने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी के अर्जुनगंज बीसीसी सैफायर अपार्टमेंट में 40 लाख में फ्लैट बिक रहा है। सौदा तय होने पर युवती ने दस लाख रुपये दे दिए। इस बीच आरोपी ने युवती की मां के नाम पर दर्ज जमीन का सौदा करीब 28 लाख रुपये में कराया। इससे मिली रकम भी सन्नी ने रख ली। टोकने पर कहा कि फ्लैट की कीमत में यह रुपये समायोजित हो जाएंगे।
इसके बाद आरोपी ने दस लाख रुपये और ले लिए। आरोपी ने युवती को फ्लैट पर कब्जा तो दिया पर रजिस्ट्री अपने नाम करा ली। आरोप है कि एक दिन सन्नी उनके फ्लैट पर पहुंचा और ताला लगाने लगा। विरोध पर मारपीट व छेड़छाड़ की।