लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को ऑडियो, वीडियो लैब की सौगात मिली है। कुलपति प्रो. संजय सिंह ने शनिवार को उद्घाटन कर लैब छात्रों को समर्पित की। कुलपति ने कहा कि यह लैब विश्वविद्यालय में अध्ययन करने वाले दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित विद्यार्थियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि प्रयोगशाला को तीन मुख्य खंडों में विभाजित किया गया है। पहला भाग ब्रेल विभाग के रूप में जाना जाएगा। इसमें दृष्टिबाधित छात्रों के लिए ब्रेल लिपि में शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। दूसरे भाग में ऑडियो-वीडियो सेल (डिजिटल मोड में) होगी। इसमें श्रवण और दृष्टि से वंचित छात्रों के लिए डिजिटल शिक्षण साधन उपलब्ध होंगे। तीसरे भाग में हियरिंग इम्पेयर्ड के लिए पुस्तकें होंगी। इसके अंतर्गत श्रवणबाधित विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से तैयार पुस्तकों का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रयोगशाला का संयोजन डॉ. मल्लिका सक्सेना देखरेख में होगा। उद्घाटन के अवसर पर कुलसचिव रोहित सिंह, वित्त अधिकारी श्रीनिवास त्रिपाठी, प्रो. वीके सिंह, प्रो. सीके दीक्षित, प्रो. अवनीश चंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।