लखनऊ से सटे बीकेटी व चिनहट ब्लॉक में जीत का परचम लहराने के लिए सेटिंग का दौर शुरू हो गया है। मतदाताओं को लुभाने के लिए आर्थिक रूप से सक्षम उम्मीदवारों की तरफ से आचार संहिता को दरकिनार कर लोगों के घरों पर महंगे गिफ्ट पैक पहुंचाए जा रहे हैं।
इसकी कमान महिला प्रत्याशियों के पतियों ने संभाली है। इसका सबसे ज्यादा फायदा गांव-वार्ड के ऐसे परिवार उठा रहे हैं जिनके यहां वोटरों की संख्या ज्यादा है। हर उम्मीदवार को ये परिवार जीत की कुंजी बने दिख रहे हैं।
बुधवार शाम चुनाव प्रचार थमने से पहले मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए महिला प्रत्याशियों की मंडली भी बकायदा चौपाल लगा कर वोट व सपोर्ट मांग रही थी।
प्रभावशाली महिला प्रत्याशियों के कारण सबसे चर्चित चिनहट के वार्ड नंबर एक में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतने को सबसे ज्याद जोड़तोड़ हो रही है। इस वार्ड से सत्ताधारी दल से जुड़ी चार प्रमुख महिला प्रत्याशी मैदान में हैं।
निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष की पत्नी माया यादव, पूर्व विधायक की पुत्री व सीतापुर के बिसवां से विधायक की पुत्रवधू अंकिता यादव, महोना से सपा विधायक गोमती यादव की भतीजी शिवानी यादव और पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष बिंदू यादव ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।