लखनऊ। मोबाइल टावर के रेडिएशन को लेकर अब अंदाजा लगाने की जरूरत नहीं है। आम नागरिक आसान ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिये घर या किसी भी स्थान पर इसकी जांच करवा सकते हैं।
अपर महानिदेशक दूरसंचार अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विभाग ने नागरिकों को मोबाइल टावरों से निकलने वाले विद्युत चुंबकीय क्षेत्र विकिरण की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति तरंग संचार पोर्टल पर आवेदन कर घर, कार्यालय या किसी अन्य स्थान पर रेडिएशन का परीक्षण करा सकता है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने के साथ चार रुपये शुल्क जमा करना होगा।
इसके बाद विभाग की टीम निर्धारित स्थान पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से विकिरण की जांच करके उसकी रिपोर्ट उपलब्ध करा देगी।
अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि देश में लागू सुरक्षा मानक अंतरराष्ट्रीय संस्था अंतरराष्ट्रीय गैर-आयनकारी विकिरण संरक्षण आयोग से भी अधिक सख्त हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन भी मोबाइल टावरों के रेडिएशन को सुरक्षित मान चुका है। ऐसे में इस सुविधा से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और वे अफवाहों से बचते हुए तथ्यों के आधार पर सही जानकारी हासिल कर सकेंगे।