एनसीईआरटी की किताबें बृहस्पतिवार से मिलनी शुरू हो गई हैं।
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित स्कूल-कॉलेजों के शैक्षिक सत्र 2026-27 के विद्यार्थियों के लिए सस्ती दरों पर एनसीईआरटी की किताबें बृहस्पतिवार से मिलनी शुरू हो गई हैं। परिषद के सचिव भगवती सिंह के निर्देश पर राजधानी के चार कॉलेजों में अलग-अलग तिथियों में स्टॉल लगाए जा रहे हैं।
पहले दिन बृहस्पतिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शाहमीना रोड पर किताबों की बिक्री हुई। यहां शुक्रवार को भी किताबें मिलेंगी। चाचा प्रिंटर्स एंड पब्लिशर्स की प्रतिनिधि कल्पना अग्रवाल ने बताया कि पहले दिन करीब 100 बच्चों ने किताबें खरीदीं। कक्षा नौ का सेट 380 रुपये, कक्षा 10 का सेट 393 रुपये, कक्षा 11 का सेट 455 रुपये और कक्षा 12 का सेट 525 रुपये का है। विषयवार दामों में 10-20 रुपये का अंतर हो सकता है। निजी प्रकाशकों का यही सेट 5 से 6 हजार रुपये का मिलता है।
इन स्टॉलों पर बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रकाशकों की किताबें मिल रही हैं। इनमें पायनियर प्रिंटर्स एंड पब्लिशर्स, सिकंदरा आगरा, सिंघल एजेंसीज पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर और पीतांबरा बुक्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। कक्षा नौ, 10, 11 और 12 के विद्यार्थी इन स्टॉलों से किताबें ले सकेंगे।
आगे भी इन तिथियों में स्टॉल लगेंगे :
14 व 15 जुलाई: काशीश्वर इंटर कॉलेज, मोहनलालगंज
20 व 21 जुलाई: राम पाल त्रिवेदी इंटर कॉलेज, गोसाईंगंज
23 व 24 जुलाई: बख्शी का तालाब इंटर कॉलेज