श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद राम शिरोमणि वर्मा की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतारकर जन-जन को लाभान्वित कराने की बात कही।
बैठक में पता चला कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत जिले के नगर पालिका परिषद भिनगा व नगर पंचायत इकौना में 5,875 आवास स्वीकृत कर 5,798 लाभार्थियों को पहली, 5,688 लाभार्थियों को दूसरी व 5,003 लाभार्थियों को तीसरी किस्त भेजी जा चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 950 आवासों की स्वीकृति के सापेक्ष 859 लाभार्थियों को पहली, 623 को दूसरी और 88 लाभार्थियों को तीसरी किस्त अवमुक्त करते हुए 30 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 67,588 किसानों की फसल का बीमा किया गया। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 4,298 को लाभान्वित किया गया है। निराश्रित दिव्यांगजन भरण-पोषण अनुदान योजना में 4,495 दिव्यांगजन लाभान्वित हुए हैं। निराश्रित महिला पेंशन भरण-पोषण अनुदान योजना से 14,193 लाभार्थियों को भुगतान किया गया है। सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत वर्तमान में कोई ग्राम चयनित नहीं है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेस-2 में 47,799 के सापेक्ष 47,340 व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण किया गया है। जिले की सभी 397 ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया गया है। जिसका संचालन नामित केयरटेकर कर रहे हैं। बैठक में अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा हुई। बैठक में डीएम अजय कुमार द्विवेदी, एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा, सीडीओ अनुभव सिंह व एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा सहित सभी संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।