लखनऊ। कमर-घुटने में लगातार दर्द या बार-बार हड्डी टूटने की समस्या को नजरअंदाज न करें। हड्डियां कितनी मजबूत हैं, इसका पता बीएमडी-डेक्सा स्कैन से लगाया जा सकता है। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 17 और 18 सितंबर को हड्डियों की मजबूती की जांच के लिए निशुल्क शिविर लगाया जाएगा।
संस्थान के पेन मेडिसिन ओपीडी, कमरा नंबर 35, ओपीडी-2 में सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक जांच होगी। बीएमडी-डेक्सा स्कैन से हड्डियों की मजबूती और कमजोरी का पता चलता है। इससे ऑस्टियोपोरोसिस की शुरुआती पहचान में मदद मिलती है। हड्डियां कमजोर होने पर कमर और जोड़ों में दर्द के साथ बार-बार फ्रैक्चर हो सकता है।
इन लोगों को करानी चाहिए जांच
40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं, 50 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष, लंबे समय से स्टेरॉयड लेने वाले मरीज और बार-बार हड्डी टूटने या लगातार कमर-घुटने के दर्द से परेशान लोग जांच करा सकते हैं। पेन मेडिसिन यूनिट की प्रभारी प्रो. डॉ. शिवानी रस्तोगी ने बताया कि संस्थान में लंबे समय से दर्द की समस्या वाले मरीजों का इलाज किया जा रहा है।