महज तीन मिनट में ढाई सौ देश-प्रदेश की राजधानी बताने वाली इंडिया की सुपरफास्ट मेमोरी मशीन हनी सिंह व हंसी सिंह मंगलवार को लखनऊ पहुंचीं। बेटी पढाओ... का संदेश दे रहीं जीनियस बहनें शहर के ऐतिहासिक वैभव और नवाबी कल्चर से रूबरू होने लखनऊ आई हैं।
अपनी तीक्ष्ण बुद्धि के दम पर पूरे देश में अपनी काबिलियत का डंका बजाने वाली बरेली की इन दोनों बेटियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सम्मानित कर चुके हैं। इंडिया की सुपरफास्ट मेमोरी मशीन के नाम से प्रसिद्ध दोनों बहनों को सबसे कम उम्र में सामान्य ज्ञान की असीमित जानकारी जुटाने का गौरव हासिल है।
11 वर्षीय हनी सिंह अभी महज कक्षा आठ की छात्रा है। हनी महज 55 मिनट में जीके के 1600 सवालों के जवाब दे सकती हैं। वहीं, दूसरी बहन हंसी सिंह कक्षा छह की छात्रा है और महज 8 वर्ष की है। हंसी महज 700 जीके के सवाल महज 20 मिनट में हल कर देती है।