खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत करने वाले ओम शंकर द्विवेदी रविवार को राज्यपाल राम नाईक से मिलेंगे। वह राज्यपाल से भी गायत्री की संपत्ति की जांच कराकर कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
ओम शंकर द्विवेदी ने शनिवार को एक पत्रकार वार्ता कर खनन मंत्री की संपत्तियों के कई और सुबूत मीडिया के सामने पेश किए। कहा कि लोकायुक्त से शिकायत में 943 करोड़ की संपत्ति की बात कही है। लेकिन 13 दिसंबर तक कई और संपत्तियों का ब्यौरा मिल गया है।
अब तक गायत्री की 1350 करोड़ की संपत्तियों की रजिस्ट्री मिल चुकी है। 22 दिसंबर को लोकायुक्त के यहां सुनवाई में यह भी साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि गायत्री प्रसाद ने 2012 में जो शपथ पत्र चुनाव आयोग को दिया था, उसमें 1.83 करोड़ की संपत्ति दिखाई है।
यह शपथ पत्र पूरी तरह झूठा है। उन्होंने अपने पुत्रों अनिल व अनुराग प्रजापति की एक भी संपत्ति का ब्यौरा शपथ पत्र में नहीं दिया है। जबकि यह भी करोड़ों रुपये के मालिक हैं।