समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव भाटिया ने रविवार को सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। गौरव को 10 दिन पहले दूसरी बार सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन का सचिव चुना गया था।
उनके पिता मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे हैं। गौरव ने रविवार को ट्वीट भी किया, मैंने सपा की नेशनल प्रेसीडेंट लीगल विंग और सभी पदों से इस्तीफा देने का फैसला ले लिया है। नेता जी और अखिलेश को इस्तीफा भेज रहा हूं। चर्चा है कि गौरव लगातार टीवी चैनलों पर सपा का पक्ष रख रहे थे इसके बाद भी उन्हें तवज्जो नहीं मिल रही थी। पार्टी में अपनी अनदेखी से नाराजगी के चलते उन्होंने इस्तीफा दिया।
वहीं गौरव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है कि ऐसा करने का फैसला मैंने अपने सिद्धांतों के आधार पर लिया है। उन्होंने अखिलेश को चुनाव के लिए शुभकामना दी और लिखा, मैंने डेढ़ दशक से ज्यादा वक्त तक पार्टी की सेवा की है अब पार्टी लोकतंत्र, धर्मनिर्पेक्षता और समाजवाद के सिद्धांतों से समझौता कर रही है ऐसे में मेरा पार्टी से जुड़़ा रहना संभव नहीं क्योंकि मैंने हमेशा इन्हीं सिद्धांतों पर यकीन किया है।