कसा शिकंजा : राज्यमंत्री बता 200 करोड़ ठगने वाले अभिषेक निगम और शाजी पर गैंगस्टर
देश के विभिन्न हिस्सों से 200 करोड़ से अधिक रुपये ठगने के आरोपी शातिर ठग अभिषेक निगम और शाजी अहमद समेत उनके गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ जिला प्रशासन ने गैंगस्टर की कार्रवाई की संस्तुति कर दी है।
ठगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली समेत विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। हजरतगंज सीओ अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शातिरों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन से स्वीकृति मांगी थी जिस पर डीएम कौशल राज शर्मा ने आदेश जारी कर दिया है।
सभी के खिलाफ गैंगस्टर के तहत केस दर्ज किया जाएगा। सीओ ने बताया कि शातिर अभिषेक निगम टिकैतराय तालाब इलाके का रहने वाला है और अमीनाबाद के गड़बड़झाला में उसकी दोना-पत्तल की दुकान है।
उसने शाजी अहमद सिद्दीकी, राम शुक्ला उर्फ दुर्गेश, भावना अरोड़ा व असद समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर ठगी का मायाजाल फैलाया और सरकारी नौकरी, टेंडर व लोन दिलाने के नाम पर देश के विभिन्न राज्यों में लोगों को ठगा।
वह कभी खुद को होमगार्ड विभाग का राज्यमंत्री बताता था तो कभी कैबिनेट मंत्री के पीआरओ के रूप में परिचय देता था। सचिवालय में भी उसका खासा नेटवर्क था। वह बेरोकटोक सचिवालय आता-जाता था।
उसने ठगी के कई शिकार व्यक्तियों को सचिवालय में अधिकारियों के दफ्तर तक में बैठाकर डीलिंग की थी। लखनऊ में अभिषेक व उसके साथियों के खिलाफ हजरतगंज, अमीनाबाद, वजीरगंज, तालकटोरा व बाजारखाला कोतवाली में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली, मध्य प्रदेश और कोलकाता में भी उनके खिलाफ कई एफआईआर हैं।