लखनऊ। जमीन और निवेश के नाम पर ठगी करने वाली शाइन सिटी कंपनी के मालिक राशिद नसीम और याजदानी बिल्डर भाइयों फहद और सायम याजदानी सहित 100 लोगों के खिलाफ जल्द गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इन सभी को पुलिस ने चिह्नित किया है।
जेसीपी एलओ उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि एंटी भू माफिया सेल को ऐसे लोगों को चिह्नित करने का जिम्मा सौंपा गया था, जिनके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में जमीन और ठगी को लेकर मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गैंग बनाकर ठगी करने वाले 100 लोगों और अकेले अपराध करने वाले 250 लोगों को अब तक चिह्नित किया जा चुका है। गैंग बनाकर ठगने वालों पर गैंगस्टर और अकेले अपराध करने वालों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। जेसीपी ने बताया कि सभी थानों को पत्र भेजकर ऐसे अपराधियों का पूरा ब्योरा मांगा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की यह कार्रवाई आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर की जा रही है।