लखनऊ में गोमतीनगर पुलिस ने बुधवार को भरवारा के प्रधान रामलखन यादव के गैंगस्टर बेटे अरुण यादव उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में प्रधान के दो अन्य बेटों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने एक माह पहले तीनों बेटों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। तीनों फरार चल रहे थे। इसके बाद पुलिस ने तीनों की संपत्ति जब्त करने केलिए 14 (1) की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर धीरज कुमार के मुताबिक, छोटा भरवारा निवासी ग्राम प्रधान राम लखन का बेटा दिलीप यादव उर्फ दीपू गिरोह चलाता है। इसमें उसके दो भाई अमर सिंह व कल्लू उर्फ अरुण भी शामिल हैं। तीनों मिलकर गोमतीनगर, गोमतीनगर विस्तार व चिनहट थानाक्षेत्र में रंगदारी, लूट, बलवा, मारपीट, लोगों को धमकाने का काम करते हैं।
इसकेअलावा अवैध रूप से जमीनों पर कब्जा करते हैं। अपने ही प्लॉट में निर्माण कराने वाले लोगों से अवैध रूप से रूपये वसूलते हैं। इनके खिलाफ गोमतीनगर में जालसाजी व धमकी देने, चिनहट में लूट, बलवा, मारपीट, गोमतीनगर विस्तार में जमीन पर कब्जा करने के लिए धमकी देने व रंगदारी मांगने का केस दर्ज है।