गोमतीनगर विस्तार थाने में प्रॉपर्टी डीलर प्रवीन सिंह बाफिला और दिलीप सिंह बाफिला के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस गिरोह में प्रवीन सिंह बाफिला को लीडर और दिलीप सिंह बाफिला को सदस्य बताया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय के मुताबिक, गोमतीनगर विस्तार के गोरखनाथ मंदिर रामआसरे का पुरवा निवासी प्रवीन सिंह बाफिला और इंदिरानगर शक्तिनगर निवासी दिलीप सिंह बाफिला पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
इसमें जमीन के नाम पर ठगी और अवैध कब्जे के मुकदमे शामिल हैं। जालसाजी के 2015 में दर्ज मुकदमे में पुलिस ने आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया है।
ये दोनों गिरोह बनाकर राजधानी के कई इलाकों में जमीनों पर अवैध कब्जे कर चुके हैं। साथ ही एक ही जमीन को कई लोगों को बेचने का मामला भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।