डलमऊ के घाट पर गंगा का बढ़ता जलस्तर।
- फोटो : संवाद
ऊंचाहार/डलमऊ (रायबरेली)। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। चेतावनी बिंदु 98.360 मीटर के सापेक्ष जलस्तर 97.700 मीटर पर पहुंच गया। इससे तटवर्तीय क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। ऊंचाहार में गोकना घाट तक पानी पहुंच गया है। इससे कटरी क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है।महर्षि गोकर्ण ऋषि की तपोस्थली गोकना गंगा घाट पर धीरे-धीरे नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। पानी घाट की सीढ़ियों तक पहुंच गया है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शनिवार की दोपहर एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी व कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणधीन घाट में स्नान करने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी। गोला घाट पर स्नान व कांवड़ यात्रा के लिए सफाई व अन्य तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि जलस्तर को देखते हुए घाट की निगरानी कराई जा रही है।
डलमऊ क्षेत्र के चकमलिक भीटी, जहांगीराबाद, जमालनगर मोहिद्दीनपुर आदि कटरी क्षेत्र के गांवों के लोगों दहशत में है। ग्रामीण साजन यादव, दिनेश कुमार, अरविंद कुुमार का कहना है कि नदी का पानी बढ़ने के कारण जीव जंतु गांवों तक पहुंच रहे हैं। इससे और परेशानी बढ़ गई है।
बांध से पानी छोड़ा तो तेजी से बढ़ेगा जलस्तर
डलमऊ में गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक शनिवार को जलस्तर 97.700 मीटर दर्ज किया गया। जिस तरह से पहाड़ों पर बारिश हो रही है, उससे आने वाले दिनों में नरौरा बांध से पानी फिर छोड़ा जा सकता है। ऐसे में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में तटवर्तीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों का जीवन अस्तव्यस्त होने की आशंका है।