जनेश्वर मिश्र पार्क की झील में वेनिस (इटली) की रोमांटिक नाव गंडोला बोट भी तैराने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल इस आशय का प्रस्ताव तैयार कर के अधिकारियों के समक्ष पेश किया गया है। अगर प्रस्ताव पास हो गया तो लगभग दो महीने बाद ये बोट यहां उतार दी जाएगी।
करीब 40 एकड़ की वाटर बॉडी में बोटिंग का नया मजा देने के लिए यही गंडोला बोट लाने की तैयारी है। प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि इस आशय का प्रस्ताव तैयार है।
इसे अनुमति मिलते ही इन बोट्स की खरीद की जाएगी। इन बोट्स को आयात करना पड़ेगा, इसलिए प्रक्रिया थोड़ी लंबी है। इसमें लगभग दो महीने का समय लगेगा।
मगर उम्मीद की जा रही है कि वेनिस की तर्ज पर जनेश्वर मिश्र पार्क में भी यह बोट चलाई जाएंगी।
वाटर बॉडी में पानी भरने का आगाज
जनेश्वर मिश्र पार्क की वाटर बॉडी में पानी भरने का आगाज हो गया है। यह वाटर बॉडी अगले 5 से 10 दिन में लबालब हो जाएगी।
इसके बाद पार्क का स्वरूप बनना शुरू हो जाएगा। इस पार्क में करीब 40 एकड़ क्षेत्र में लंबी वाटर बाडी का निर्माण किया गया है। जिससे पार्क का अद्भुत नजर नजारा आएगा।
जनेश्वर मिश्र की प्रतिमा 2 तक होगी स्थापित
गोमती नगर विस्तार के जनेश्वर मिश्र पार्क में जनेश्वर मिश्र की 25 फुट ऊंची प्रतिमा दो अगस्त तक स्थापित कर दी जाएगी।
यह प्रतिमा सफेद संगमरमर की होगी। इसको इंग्लैंड मूल का एक ऑस्ट्रेलियाई मूर्तिकार बना रहा है। इस मूर्ति की स्थापना के लिए पार्क में पैडेस्टल का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है।
एलडीए के उपाध्यक्ष अष्टभुजा प्रसाद तिवारी ने बताया कि, यह प्रतिमा अपने आप में अद्भुत होगी। संस्कृति विभाग इसका निर्माण करवा रहा है।
इसको 15 फट ऊंचे पैडस्टल पर स्थापित किया जाएगा। दो अगस्त तक पार्क में प्रतिमा को स्थापित करा दिया जाएगा।