लखनऊ। राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर लोकबंधु अस्पताल में शुक्रवार को कैंप लगाकर मरीजों व तीमारदारों को इससे बचाव के तरीके बताए गए। इस दौरान एम्बेड परियोजना टीम के सदस्यों ने गंबूजिया मछली के मच्छरों के लार्वा खाने की पूरी प्रक्रिया दिखाई गई।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर ने बताया कि यह मछली आकार में बहुत छोटी होती है, लेकिन काफी सक्रिय होती है। अब अस्पताल में गंबूजिया मछली का पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घरों के आस-पास व टंकी, ड्रम कूलर में पानी का जमाव न होने दें। मच्छरदानी, क्रीम, अगरबत्ती, क्वाइल का इस्तेमाल करें। संयुक्त निदेशक डेंगू डॉ. विकास सिंघल ने कहा, सतर्कता ही डेंगू से बचने का उपाय है। लोकबंधु चिकित्सालय के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. संगीता गुप्ता व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव आदि थे।