बाराबंकी के जंहागीराबाद इलाके में जुआरियो को पकड़ने पहुंची पुलिस बुरी तरह फंस गयी। फोर्स आते देख पहले जुआरी भागे फिर पलटवार करके पत्थरबाजी करने लगे। हिरासत में लिए गए साथियों को जबरन छुड़वा लिया और पुलिस वाहन तोड़ डाला। जुआरियों के हमले से दहशत में आए पुलिसवालों को जान बचाकर भागना पड़ा।
मामला थाना जाहांगीराबाद इलाके के अजगना गांव का है। यहां का जुआ काफी मशहूर है दूर दराज से आने वाले जुआरी रात 10 बजे लाखों का वारा न्यारा कर रहे थे। हार के सदमे में कुछ नशे में धुत्त थे, तो कुछ की मुठ्ठी जीत से मालामाल थी।
इसी बीच पुलिस फोर्स पहुंच गयी। पहले तो जुआरी भागे लेकिन कुछ साथियों को हिरासत में देखकर लोग पलट गए । बताया गया कि जुआरियों ने पुलिस से बात करते हुए कहा कि हमने आपसे तय करके खेल शुरू किया था, तो मौके पर क्यों आये लेकिन पुलिसवाले रौब दिखाने लगे तो बात बढ़ गयी।
इसके बाद जुआरियों ने हमला करके साथियों को हिरासत से छुड़ा लिया और वाहन तोड़ डाला। जुआरियों की हिम्मत देखकर पुलिस ने वहां से भाग जाना ही मुनासिब समझा।