लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रावासों की कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता पर की गई शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने सोमवार को जांच की। छात्र यश अग्रवाल की शिकायत पर पल्लवी यादव और डॉ. आरके सिंह के नेतृत्व में टीम ने गंगा, डॉ. अंबेडकर कैलाश, निवेदिता, चंद्रशेखर, तिलक और महिला छात्रावास की कैंटीनों का निरीक्षण किया। कुछ छात्रावासों की कैंटीन से रिफाइंड ऑयल और कुछ भोजन का नमूना एकत्रित किया।जांच के दौरान भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था परखी गई। एफएसडीए की टीम के अनुसार सभी छात्रावासों की कैंटीन में भोजन और स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और किसी भी प्रकार की गंभीर कमी सामने नहीं आई।