मोहनलालगंज। चोरों के डर और अफवाहों के चलते कोड़रा रायपुर में लोगों ने रामलीला का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। इसकी जानकारी पर एसीपी ने गांव में फोर्स भेजकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इंस्पेक्टर आलोक राव ने बताया कि झूठी अफवाह से लोग डरे थे। उनको समझाया गया है। पुलिस की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने आरती की और शुक्रवार से रामलीला शुरु की जाएगी।
जय भोले बाबा रामलीला समिति कई वर्षों से शारदीय नवरात्र के पहले दिन से रामलीला का कार्यक्रम करती आ रही है। इस बार इलाके में ड्रोन और चोरों की अफवाह से दहशतजदा ग्रामीणों ने आयोजन स्थगित कर दिया। इसकी जानकारी पर एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने रामलीला समिति के प्रबंधक अशोक कुमार चौरसिया से फोन पर बात की। उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा देकर डर दूर किया।
अशोक ने बताया कि शुक्रवार शाम गांव में चौपाल लगाने और रात में गश्त करने का आश्वासन दिया है। शुक्रवार से विधिवत रामलीला की जाएगी।