बाराबंकी। लखनऊ के पूर्व सैनिक निपेश मिश्रा (40) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पत्नी रंजना मिश्र की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने उनके मित्र अश्विनी सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर हिरासत में लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ घटना से जुड़ी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ रही है।
विज्ञापन
लखनऊ के जानकीपुरम निवासी वायु सेना से सेवानिवृत्त निपेश मिश्रा निपेश 31 अक्तूबर की रात बाराबंकी में अश्विनी के घर दावत में गए थे। वहां उन्होंने शराब पी थी। बाद में उनकी कार लखनऊ रोड पर एआरटीओ कार्यालय मोड़ के पास खड़ी मिली। निपेश कार के अंदर मृत पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी कनपटी पर गहरी चोट मिली, जो मौत का कारण बनी। रंजना मिश्रा ने आरोप लगाया कि अश्विनी ने वीडियो कॉल पर निपेश को दिखाने से मना किया था। एएसपी उत्तरी विवेक तिवारी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।