उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम जनवरी से शहर के दो बस अड्डे चारबाग और कैसरबाग को वाई-फाई से लैस करने जा रहा है। यहां यात्रियों और आसपास के लोगों को 25 मिनट फ्री वाई-फाई की सुविधा मिलेगी।
इस सिलसिले में बुधवार को निगम प्रबंधन ने रिलायंस कंपनी से बातचीत करने के बाद लेटर ऑफ इंडेंट (एलओआई) जारी करने का फैसला किया है। एक हफ्ते में निगम प्रबंध एवं रिलायंस कंपनी के प्रतिनिधि बैठक करके शुल्क तय करेंगे।
चारबाग में 1200 और कैसरबाग में 550 बसों के यात्रियों को रिलायंस 4 जी कंपनी फ्री वाई-फाई मुहैया कराएगा। इसके लिए बस अड्डे के भीतर राउटर लगाए जाएंगे जो 80 से 100 फीट के दायरे में सुविधा देंगे।
वहीं, बस अड्डे के बाहर लगने वाले राउटरों से यात्रियों के अलावा इसी रेंज में आने वाले अन्य लोग भी वाई-फाई का लाभ ले सकेंगे। क्षेत्रीय प्रबंधक (आईटी) विनीत सेठ ने बताया कि रिलायंस कंपनी को आगामी हफ्ते में सोमवार तक एलओआई जारी हो जाएगी। इसकी शर्तों का परीक्षण हो रहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि प्रयास है कि 26 जनवरी से यात्रियों से फ्री वाई-फाई की सुविधा मिलने लगे।
परिवहन निगम के बस अड्डे पर वाई-फाई का शुल्क तय होना बाकी है। हालांकि, रिलायंस 4 जी कंपनी कई अन्य जगहों पर 25 मिनट के फ्री वाई-फाई के बाद 60 रुपये घंटे के हिसाब से शुल्क वसूल रहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि बस अड्डे पर यात्रियों को 24 घंटे में सिर्फ एक बार फ्री वाई-फाई की सुविधा मिल सकेगी।