सूबे के सभी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों व पॉलीटेक्निक संस्थाओं में युवाओं को फ्री-फाई की सुविधा मिलेगी। सभी जगह ई-लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। सूबे में इंजीनियरिंग व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया पारदर्शी की जाएगी।
इसके साथ ही रिक्त चल रहे पदों को तीन महीने में भरा जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को सूबे के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन उर्फ गोपाल जी ने दी।
उन्होंने विभाग की समीक्षा करने के बाद पत्रकारों से कहा कि प्राविधिक शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए रोजगार मेले के आयोजन किए जाएंगे। इंजीनियरिंग कॉलेजों व पॉलीटेक्निक संस्थाओं में रिसर्च व डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सभी इंजीनियरिंग कॉलेज मानकों के आधार पर ही चलेंगे। अच्छी फैकल्टी की कमी को देखते हुए मंत्री ने इंजीनियरिंग कॉलेजों में वर्चुअल क्लासेज भी चलाने पर जोर दिया। मंत्री ने बताया कि सूबे में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में करीब 500 पद रिक्त चल रहे हैं।