लखनऊ के केजीएमयू में कोरोना की मुफ्त जांच बंद हो गई है। अब मरीजों और तीमारदारों से इसका शुल्क वसूला जाएगा। ट्रूनेट टेस्ट के लिए 1500 और आरटीपीसीआर के 600 रुपये जमा करने होंगे। सोमवार से कार्ययोजना लागू करने की उम्मीद है। हालांकि, इमरजेंसी में आने वाले मरीजों, तीमारदारों की जांच निशुल्क होगी।
केजीएमयू में आने वाले मरीजों को कोरोना की जांच रिपोर्ट दिखाने के बाद ही संबंधित विभाग की ओपीडी में जाने की अनुमति मिलती है। नई गाइडलाइन के तहत शुल्क जमा करने के बाद ही अब नॉन कोविड मरीजों की जांच होगी।
ट्रूनेट टेस्ट के लिए 1500 व आरटीपीसीआर के 600 रुपये जमा करने होंगे। मरीज के साथ तीमारदार है तो उसे भी शुल्क जमा करना होगा। एक तीमारदार पर 300 रुपये लिए जाएंगे।
दूसरा तीमारदार आता है तो उसे 600 रुपये जमा करने होंगे। इसी तरह थैलेसीमिया, कैंसर, डायलिसिस आदि के मरीजों को 600 रुपये और उनके एक तीमारदार को 300 जमा कर कोरोना की जांच करानी होगी।