लखनऊ। जानकीपुरम निवासी विवेक पांडेय और बख्शी का तालाब निवासी बलराम गौतम के मोबाइल फोन चोरी कर जालसाजों ने यूपीआई के जरिये उनके खातों से 8.69 लाख रुपये निकाल लिए। जानकीपुरम के आईईटी टाइप-1 निवासी विवेक पांडेय के अनुसार, 27 अगस्त को वह वाराणसी विश्वनाथ धाम दर्शन के लिए गए थे। 28 अगस्त की सुबह कैंट रेलवे स्टेशन से उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया। इस संबंध में उन्होंने जीआरपी कैंट में चोरी की एफआईआर भी दर्ज कराई थी। इसके बाद 29 अगस्त से 8 सितंबर के बीच उनके मोबाइल से जालसाजों ने यूपीआई के जरिये खाते से 3.85 लाख रुपये निकाल लिए। आठ सितंबर को बैंक पहुंचकर पासबुक अपडेट कराने पर उन्हें ठगी का पता चला। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि आईटी एक्ट की धारा के तहत एफआईआर दर्ज कर साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच की जा रही है।
वहीं, बीकेटी के रैथा निवासी बलराम गौतम के अनुसार, 17 सितंबर को उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। चोरी हुए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर जालसाजों ने यूपीआई अकाउंट बनाया और 22 सितंबर को उनके खाते से 4.84 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। बैंक पहुंचने पर उन्हें ठगी का पता चला। इंस्पेक्टर बीकेटी संजय कुमार सिंह ने बताया कि चोरी और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित के खाते से जिन खातों में रुपये ट्रांसफर किए गए हैं, उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।