दो एफडी तोड़कर ठगों ने खाते से पार किए 18 लाख रुपये
लखनऊ। निगोहां के कनकहा निवासी अनिल कुमार द्विवेदी ने साइबर क्राइम थाने में ठगी की एफआईआर दर्ज कराई है। अनिल ने 18 लाख रुपये के दो फिक्स डिपाॅजिट 18 सितंबर 2024 को यूको बैंक शाखा मस्तीपुर में कराई थी। खाते में अपना फोन नंबर भी दिया था।
आरोप है कि उनके फोन पर रकम ट्रांजेक्शन के मेसेज आए। अनिल ने बैंक में संपर्क किया। बैंक की ओर से बताया गया कि फिक्स डिपाॅजिट तोड़कर रुपये निकाल लिए गए हैं। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने रकम नहीं निकाली है। बैंक ने बताया कि नेट बैंकिंग के जरिये रकम निकाली गई है, जो खाताधारक अबरान अली को भेजी गई है। पीड़ित का कहना है कि बैंक की ओर से उन्हें एफडी टूटने की कोई जानकारी नहीं दी गई। परेशान होकर अनिल ने एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।