शेयर बाजार, प्लॉट व फ्लैट के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोपी वेल्थ मंत्रा का एमडी गिरफ्तार
शेयर बाजार, प्लॉट व फ्लैट के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाला वेल्थ मंत्रा का एमडी संजीव अग्रवाल शुक्रवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया।
उसे शाहजहांपुर की पुलिस ने विभूतिखंड स्थित आवास से दबोचा। उस पर शाहजहांपुर में शेयर बाजार में रुपये लगाने के नाम पर 50 से अधिक लोगों से ठगी के मुकदमे दर्ज हैं।
वेल्थ मंत्रा का एमडी संजीव अग्रवाल विभूतिखंड स्थित रोहतास प्लूमेरिया में रहता है। पुलिस के मुताबिक, संजीव अग्रवाल भवन निर्माता कंपनी की आड़ में शेयर बाजार में रुपये लगवाता था।
शेयर बाजार में उछाल आते ही रकम निकाल लेता था। पीड़ितों ने शाहजहांपुर के सदर बाजार थाने में मुकदमे दर्ज कराए थे।
सदर बाजार थाने की पुलिस ने एक मामले में कोर्ट से संजीव अग्रवाल के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी कराया।
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड राजीव द्विवेदी के मुताबिक, शुक्रवार शाम सदर बाजार थाने की पुलिस वारंट के साथ लखनऊ पहुंची थी।
आरोपी संजीव अग्रवाल को उसके आवास से दबोच लिया गया। संजीव के खिलाफ विभूतिखंड थाने में छह मुकदमे दर्ज है।